न्यायालय के आदेश के बावजूद उखाड़ दी मेड़
थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद,कब्जे और संपत्ति हड़पने के मामलों को लेकर पहुंचे फरियादी

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन थाना अध्यक्ष कमल भाटी की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जे और संपत्ति संबंधी मामलों को लेकर छह प्रार्थना पत्र पहुंचे। पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में जांच कर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।
ग्राम भैंसान निवासी किशन सिंह और विष्णु देवी ने शिकायत की कि उनकी कृषि भूमि की मेड़ को बार-बार उखाड़ दिया जाता है। उनका कहना है कि इस संबंध में न्यायालय का आदेश होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्राम जलपोखरा की सरिता देवी ने प्लाट पर कब्जा किए जाने की शिकायत की। वहीं, ग्राम जगसौरा की मिथिलेश कुमारी ने कृषि भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की।
नगला वाले निवासी सुखदेवी ने धोखाधड़ी कर उनकी संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। धौलपुर खेड़ा की राजल श्री ने विपक्षी पक्ष पर उनकी भूमि पर जबरन निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया।
ग्राम निलोई निवासी विद्याराम ने आरोप लगाया कि उनके भाई ने उनके मकान पर कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की।
थाना अध्यक्ष कमल भाटी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



