जाम से कराह उठा भरथना: कई किमी लगीं लंबी कतारें

मंडी आने-जाने के रास्तों पर लगा भीषण जाम

भरथना,इटावा। नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति में जाने वाले रास्तों पर लगे भीषण जाम से भरथना की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। भरथना-बिधूना मार्ग पर मंडी समिति से लेकर छोला मंदिर तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं,ऊसराहार मार्ग पर भी करीब डेढ़ किलोमीटर तक वाहन जाम में फंसे रहे। लोडेड और अनलोडेड वाहनों के जाम में फंसने से स्थिति और गंभीर हो गई।

मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंचने की आस लगाए किसान भूखे-प्यासे सड़कों के किनारे बैठकर इंतजार करते नजर आए। वहीं, आम राहगीरों को भी आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि एक एंबुलेंस भी करीब एक घंटे तक जाम में फंसी रही, जिससे आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी चिंता बढ़ गई।

जाम खुलवाने के लिए पुलिस प्रशासन सुबह से ही मशक्कत करता रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद समाचार लिखे जाने तक जाम से राहत नहीं मिल सकी। जाम खुलवाने के लिए किए गए इंतजाम नाकाफी साबित हुए और भरथना में यातायात व्यवस्था प्रभावित बनी रही।

Related Articles

Back to top button