कमरे में फांसी पर लटका मिला मजदूर का शव
मृतक अपने पीछे दो पत्नियों से चार बच्चों को छोड़ गया

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अजनौरा में सोमवार रात 40 वर्षीय मजदूर ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान सुधीर पाल पुत्र मुलायम सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुधीर मजदूरी करता था और शराब का आदी था। उसकी पहली पत्नी प्रियंका पाल की करीब 12 वर्ष पहले मौत हो गई थी। प्रियंका ने छह माह के बेटे अंशु समेत तीन बच्चों को पीछे छोड़ा था। परिजनों के मुताबिक पहली पत्नी ने भी गृहक्लेश के चलते आत्महत्या की थी।
पहली पत्नी से सुधीर की 17 वर्षीय बेटी शालिनी, 14 वर्षीय बेटा अमन और 12 वर्षीय बेटा अंशु हैं। अंशु दिव्यांग बताया गया है। वहीं दूसरी पत्नी इंद्ररानी से एक बेटी रागिनी है। घटना के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया गृहक्लेश के चलते आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। उपनिरीक्षक शिव शंकर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



