मानदेय न मिलने से नाराज शिक्षामित्र/अनुदेशक संघ ने डबल एओ को सौंपा ज्ञापन

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ व परिषदीय अनुदेशक संघ जिला इकाई सुल्तानपुर ने डबल एओ को पत्र सौंपकर मानदेय भुगतान और मूल विद्यालय वापसी में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है।

शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार पाण्डेय, महामंत्री पवन कुमार तथा अनुदेशक संघ जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महामंत्री राघवेंद्र तिवारी द्वारा 24 अक्टूबर को दिए गए पत्र में कहा गया है कि जनपद के सभी शिक्षा मित्रों व अनुदेशको का माह सितंबर 2026 का मानदेय 24 अक्टूबर तक भुगतान नहीं हो सका है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। संघ ने आरोप लगाया है कि ब्लॉक से लेकर जिले तक संबंधित पटल पर घोर लापरवाही बरती गई है. तकनीकी कारणों से 33 अनुदेशको का मानदेय बाधित है जबकि प्रदेश के कई जनपदों में सितंबर माह का भुगतान हो चुका है।

पत्र में मांग की गई है कि शिक्षकों की भांति शिक्षामित्रों/अनुदेशकों की भी उपस्थिति 25 तारीख तक ही मंगवाकर समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही शिक्षा मित्र संघ ने कार्यालय में बीएसए के नाम पत्र देकर कहा है कि इच्छुक शिक्षा मित्रों की मूल विद्यालय वापसी का कार्य अगस्त माह से प्रारंभ तो किया गया, परंतु आज तक पूरा नहीं किया जा सका, जिससे जनपद के सभी शिक्षामित्र निराश हैं और बड़े आंदोलन के लिए विवश हैं।

संघ ने BSA से प्रत्येक माह 25 तारीख तक उपस्थिति मंगवाने और मूल विद्यालय वापसी का आदेश शीघ्र निर्गत करने की मांग की है। वहीं डबल एओ द्वारा बुधवार तक मानदेय भुगतान कराने व अक्टूबर माह की उपस्थिति 28 अक्टूबर तक जिले पर मंगवाकर दीपावली पर्व से पहले मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर रामप्रसाद मिश्र, नरेंद्र भारती, हरिकेश कुमार, अभिषेक सिंह, प्रमोद कुमार दूबे उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button