चौपाल में महिलाओं को किया जागरूक
सुरक्षा,साइबर अपराध और नशा मुक्ति पर दिया बल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्यालय में जन जागरूकता एवं सकारात्मक संदेश प्रसारण के उद्देश्य से चौपाल एवं सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन को महिला सुरक्षा,साइबर अपराध, नशा मुक्ति और नए कानूनों के प्रति जागरूक किया।
चौपाल कार्यक्रम में उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी,महिला कांस्टेबल सुरेखा,विनीता शिवहरे,संगम,रिक्रूट महिला कांस्टेबल गीता, शिवानी एवं सलौनी मौजूद रहीं।
पुलिस टीम द्वारा ग्राम खुशालपुरा,जौनई,धौलपुर खेड़ा तथा एरिस्टोटल स्कूल में चौपाल एवं सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। एरिस्टोटल स्कूल में करीब 150 लोगों की उपस्थिति रही,जबकि दोनों गांवों में लगभग 60-60 ग्रामीण मौजूद रहे।
चौपाल के दौरान मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा,संरक्षण एवं सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला हेल्पलाइन 181,वन स्टॉप सेंटर,बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ,नारी अदालत,शक्ति सदन,सखी निवास एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों को मजबूत पासवर्ड बनाने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने,संदिग्ध लिंक से बचने और मोबाइल एवं कंप्यूटर सॉफ्टवेयर को नियमित अपडेट रखने की सलाह दी गई।
नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे के दुष्प्रभाव,उपचार,परामर्श एवं पुनर्वास केंद्रों की जानकारी देते हुए लोगों से नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने नए कानूनों एवं ऑनलाइन नागरिक सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी। इसमें ई-एफआईआर,चरित्र प्रमाण पत्र, किरायेदार सत्यापन और जीरो एफआईआर जैसी सुविधाओं के संबंध में आमजन को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की चौपालों का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और आमजन तक सुरक्षा एवं कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाना है।



