मूल्यांकन टीम ने सीएचसी का किया औचक निरीक्षण

जसवंतनगर,इटावा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के अंतर्गत प्रदान की जा रही सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं का आकलन करने के उद्देश्य से भारत सरकार की दो सदस्यीय मूल्यांकन टीम ने औचक निरीक्षण किया। लगभग ढाई घंटे तक चले इस निरीक्षण के दौरान टीम ने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न विभागों-फार्मेसी,लेबर रूम,लैबोरेट्री,ओटी, इमरजेंसी सहित अन्य इकाइयों का विस्तृत परीक्षण किया।
टीम ने मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता के साथ-साथ केंद्र में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से तकनीकी एवं कार्य संबंधी सवाल पूछकर उनकी कार्यक्षमता का भी अध्ययन किया।
जनपद में मात्र यहां का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही एनक्यूएएस के तहत प्रमाणित है, ऐसे में स्वास्थ्य मंत्रालय समय-समय पर मूल्यांकन टीमों को भेजकर यह सुनिश्चित करता है कि केंद्र में रोगी अधिकारों, संक्रमण नियंत्रण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, आपात सेवाओं,स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक मानकों का पालन निरंतर जारी रहे। टीम के सदस्यों ने विशेष रूप से मरीज सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण सेवा देने की व्यवस्था पर फोकस किया तथा रिकॉर्ड और दस्तावेजों का भी सत्यापन किया।
निरीक्षण के बाद अधीक्षक डॉ.वीरेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रमाणित अस्पतालों का प्रतिवर्ष मूल्यांकन किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सेवाओं में किसी प्रकार की गिरावट न आए। उन्होंने बताया कि टीम ने सभी विभागों का बारीकी से निरीक्षण कर स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यशैली का अवलोकन किया तथा कई सुझाव भी दिए।
निरीक्षण के पश्चात केंद्र प्रशासन ने आशा व्यक्त की कि आगे भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होता रहेगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएँ मिलती रहेंगी।
इस दौरान डॉ. विकास अग्निहोत्री,डॉक्टर तृप्ति शुक्ला,डॉ.रिद्धिमा गौर,अनिल चीफ फार्मासिस्ट,भूपेंद्र सिंह फार्मासिस्ट,सुनील कुमार, स्वप्निल,जितेंद्र कुमार आदि स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।



