बारात भरी स्लीपर बस के पहिये में लगी आग

पंप कर्मी-पुलिस ने सिलेंडर से आग पर पाया काबू,बाल-बाल बचे बाराती

जसवंतनगर,इटावा। रविवार रात करीब दस बजे आगरा जिले की बाह तहसील क्षेत्र के जैतपुर से श्री राम भदावर ट्रेवल्स की बस बारात लेकर जसवंतनगर आ रही स्लीपर डबल डेकर बस में मॉडल तहसील के सामने कचौरा घाट बाईपास स्थित पेट्रोल पंप के पास अचानक आग लग गई। पिछले पहिये के पास आग की लपटें उठते देख बस में सवार बारातियों में अफरा-तफरी मच गई। बस रुकते ही बच्चे, महिलाएं और पुरुष नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे बस में वच्चों सहित लगभग 80 से ज्यादा लोग सवार थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप कर्मी तत्काल अग्निशमन सिलिंडर लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक हेमंत कुमार, कांस्टेबल आर्या चिकारा और सनोज भी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने बारातियों को बस से दूर कराया और पंप कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने में मदद की।

काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद बारातियों और पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद बस को पेट्रोल पंप से आगे सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Related Articles

Back to top button