एनटीपीसी ऊंचाहार में संविदाकार सम्मेलन, 65 से अधिक संविदाकारों ने लिया हिस्सा

ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में एनटीपीसी एमएसएमई सेल एवं संविदा एवं सामग्री विभाग के सौजन्य से विशेष संविदाकार सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में परियोजना से जुड़े 45 से अधिक संविदाकारों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख श्री बिश्व मोहन सिंह ने संविदाकारों से संवाद करते हुए कहा कि एनटीपीसी की प्रगति में संविदाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनटीपीसी को विश्वस्तरीय कंपनी बनाने की दिशा में संविदाकार भी महत्वपूर्ण सहभागी हैं।

सम्मेलन में विक्रेता विकास (Vendor Development) के अंतर्गत एमएसएमई के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों एवं सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। एमएसएमई संविदाकारों को GeM (Government e-Marketplace) Portal के माध्यम से एनटीपीसी की खरीद प्रक्रिया में भाग लेने की प्रक्रिया, उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों तथा एमएसएमई के लिए प्रोक्योरमेंट में उपलब्ध विभिन्न लाभों से अवगत कराया गया।

मानव संसाधन विभाग के प्रमुख श्री पंकज कुमार ने सम्मेलन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए श्रम संहिता (Labour Code) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने सभी संविदाकारों को श्रम संहिता एवं संविदा की नियम एवं शर्तों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संविदाकार गुणवत्तापूर्ण कार्य के साथ-साथ उनके अधीन कार्यरत संविदाकर्मियों की औद्योगिक सुरक्षा, कल्याण एवं कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें, ताकि सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

संविदा एवं सामग्री विभाग के विभागाध्यक्ष श्री तिरुमला मुरली मोहन ने सम्मेलन के उद्देश्य एवं इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी संविदाकारों का परिचय कराया। उप महाप्रबंधक (संविदा एवं सामग्री) श्रीमती रजनीश गोयल ने सम्मेलन का संचालन किया।

सम्मेलन के माध्यम से संविदाकारों को एनटीपीसी के साथ व्यावसायिक सहभागिता के विभिन्न अवसरों, एमएसएमई के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं प्रभावी भागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

Related Articles

Back to top button