आज से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, आशीर्वाद का दिया थीम के साथ होगा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में आज से सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रामाणिक एवं प्रभावी ढंग से जनसामान्य के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के अंतर्गत किए गए नीतिगत सुधारों, जनहितकारी कार्यों तथा देश एवं प्रदेश में हुए महत्वपूर्ण बदलावों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से युवा, महिला, किसान एवं वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ते हुए उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित करने तथा योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि थीम “सेवा दिवस–आशीर्वाद का दिया” के अंतर्गत 17 सितम्बर को जनपद में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर जनपद के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा महिला एवं पुरुष जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को टूल किट का वितरण भी किया जाएगा।
इसी क्रम में प्रत्येक ग्राम पंचायत, शहरी वार्ड एवं मलिन बस्तियों में दिव्यांग कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कर दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा 17 सितम्बर की शाम 07:00 बजे अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। यह दीप ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प, सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण की भावना का प्रतीक होंगे, इसके साथ ही जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों, प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदियों एवं घाटों, प्रमुख मंदिरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा चिकित्सालयों में भी विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के प्रमुख स्थलों को विशेष रूप से दीपों से सजाया जाएगा, इन प्रमुख स्थलों में गेंगासो घाट, गोकना घाट, डलमऊ घाट, संकटा देवी मंदिर, मनसा देवी मंदिर, चुरुवा मंदिर, भवरेश्वर मंदिर, अचलेश्वर मंदिर एवं बालेश्वर मंदिर सहित जनपद के अन्य प्रमुख स्थल शामिल हैं।


