लगातार बारिश से गिरा मकान, बेघर हुआ परिवार

महराजगंज, रायबरेली। बीते तीन दिन हुई लगातार बारिश के चलते कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार देर शाम एक कच्चा मकान गिरने से पूरा परिवार बेघर हो गया, गनीमत रही कि कोई जन हानि नहीं हुई।
चंदापुर थाना क्षेत्र के सहामतगंज मजरे बहादुर नगर निवासी अमरजीत प्रजापति पुत्र स्व जगन्नाथ जो कि अपने पूरे परिवार के साथ एक मात्र कच्ची कोठरी में गुजर बसर कर रहा था। रविवार को उसकी एकमात्र कच्ची कोठरी भी भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। कोठरी गिरने से घर गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबा सामान बाहर निकाला। ग्राम प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल पुरुषोत्तम भारती ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तहसीलदार सदर को भेजी है। वहीं परिवार का एक मात्र आशियाना कच्ची कोठरी गिरने से परिवार पड़ोसी के यहां रहने को मजबूर हैं।



