मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण कार्यक्रम में सपा नेता को मंचासीन करने पर बवाल

ऊँचाहार, रायबरेली। बुधवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित शिक्षा विभाग के मुख्यमंत्री लाइव प्रसारण कार्यक्रम में सपा नेता को मंचासीन करने को लेकर बवाल हो गया । भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने इस बात को लेकर मोर्चा खोल दिया और कहा कि सरकारी मंच का इस्तेमाल विपक्ष को चमकाने के लिए किया गया है।
बुधवार को शिक्षा विभाग का एक कार्यक्रम ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित था। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण होना था। इसमें मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी थी। किंतु मंच पर सपा नेता बीएन मौर्य भी मौजूद थे। उनकी पत्नी ऊंचाहार की ब्लॉक प्रमुख है। बीएन मौर्य इधर सपा में काफी सक्रिय हैं और अपने बेटे के लिए सपा से टिकट मांग रहे है। उनके मंचासीन होने के बाद खासा बवाल खड़ा हो गया ।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने तत्काल उच्चाधिकारियों से बात करके ऐतराज जताया और स्थानीय स्तर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यक्रम में सपा को जगह देना कार्यकर्ताओं के साथ धोखा है । उन्होंने कहा कि अगर सरकारी कार्यक्रम ही पार्टी का फर्क भूल जाए तो फिर जनता किस पर भरोसा करेगी। उधर इस बारे में खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि उन्होंने किसी सपा नेता को नहीं बुलाया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने उन्हें बुलाया था ।



