ब्रेक फेल: ढाबे में घुसी डबल डेकर बस
चार यात्री घायल,एक गंभीर सैफई रेफर,दिल्ली जा रही प्राइवेट बस न्यू कृष्णा ढाबे का टीनशेड तोड़ अन्दर घुसी बस, बड़ा हादसा टला

जसवंतनगर,इटावा।औरैया से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस बुधवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित न्यू कृष्णा ढाबे में जा घुसी। हादसे में चार यात्री घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया। बस के ढाबे में घुसते ही यात्रियों और वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम फुलरई के समीप औरैया से दिल्ली जा रही प्राइवेट डबल डेकर बस जैसे ही न्यू कृष्णा ढाबे के पास पहुंची, तभी उसके ब्रेक अचानक फेल हो गए। चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार बस ढाबे की टीनशेड तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। दुर्घटना से ढाबे में भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल अंकित 25 पुत्र सुधीर, निवासी पड़ीं थाना कोतवाली औरैया, सुधीर 50 पुत्र रंगीलाल, निवासी पड़ीं थाना कोतवाली औरैया, चार वर्षीय असित पुत्र सोहिल तथा सोहिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भेजा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुधीर की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे सैफई स्थित उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार किया गया।
हादसे में न्यू कृष्णा ढाबे की टीनशेड क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे ढाबा संचालक को आर्थिक नुकसान पहुंचा। थाना प्रभारी की सूचना पर हाईवे इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान हाइड्रा मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बस को ढाबे से बाहर निकलवाया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



