खड़े ट्रक में भिड़े दो ट्रक और कार: केबिन में फंसा चालक

नगला कन्हई के सामने रात करीब 10 बजे हुआ हादसा

जसवंतनगर,इटावा। आगरा-इटावा हाईवे पर शनिवार रात नगला कन्हाई गांव के सामने खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे दो ट्रक और एक स्विफ्ट डिजायर कार टकरा गई। हादसे में एक ट्रक का हेल्पर घायल हो गया,जबकि दूसरे ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड,थाना पुलिस,एनएचएआई और राहत टीम ने चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात प्रभावित हुआ।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे इटावा से आगरा जाने वाले मार्ग पर ट्रक खराब होने के कारण हाईवे पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक उससे जा टकराया। ट्रक चालक अनिल पुत्र मुन्नालाल निवासी उतारारा, थाना जसराना, फिरोजाबाद सुरक्षित बच गया,जबकि उसका हेल्पर अंशुल निवासी इटावा घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल इटावा भेजा गया।

इसके कुछ ही देर बाद पीछे से आ रहा ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि उसका चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और राहत टीम ने उपनिरीक्षक शुभम वर्मा तथा एनएचएआई एंबुलेंस टीम के ड्राइवर प्रदीप और ईएमटी दिनेश कुमार ने चालक को केबिन से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया लगभग एक घंटे की कड़ी मेहनत से केविन तोड़कर फँसे ड्राइवर को निकालने में सफलता हाथ लगी तभी इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार भी ट्रकों से टकरा गई। कार सवार अवनीश कुमार पुत्र वेद प्रकाश निवासी प्रकाश नगर, इटावा और रूपेश कुमार पुत्र कैलाश चंद्र निवासी ओल्ड भरथना इटावा रोड मामूली रूप से घायल हुए। दोनों सुरक्षित बताए गए।

हादसे की सूचना पर थाना पुलिस, एनएचएआई टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गए। फंसे चालक को सुरक्षित निकालने के साथ ही हाईवे पर यातायात सुचारु कराने के लिए राहत कार्य जारी रहा।

Related Articles

Back to top button