डीएमई पर खड़े ट्रक से भिड़ीं दो बाइक, दो किशोरों की मौत; दो घायल

हरिद्वार से कांवड़ लेकर गुरुग्राम लौट रहे थे चार युवक, यूपी गेट के पास हुआ हादसा

गाजियाबाद/साहिबाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर यूपी गेट के पास बुधवार तड़के खड़े ट्रक से दो बाइक जा भिड़ीं। हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों हरिद्वार से कांवड़ लेकर गुरुग्राम लौट रहे थे।

हादसे के बाद घायल युवक काफी देर तक डीएमई से गुजर रहे वाहन चालकों से मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी वाहन चालक ने रुककर उनकी मदद नहीं की। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों व मृतकों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर के पास रहने वाले सौरभ अपने दोस्तों बिहार के मोतिहारी जिले के रक्सौल निवासी आकाश (18), बिहार के गोपालपुर बेतिया निवासी प्रिंस (17) और नेपाल के पालसा निवासी कृष्णा (16) के साथ 16 अगस्त को कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे।

Related Articles

Back to top button