चलती ट्रेन से उतरते वक्त गिरीं दो सहेलियां: एक गंभीर
गलत ट्रेन में चढ़ीं गईं थीं दोनों सहेलियां

भरथना,इटावा। भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। गलत ट्रेन में चढ़ जाने के बाद घबराई दो सहेलियां चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में प्लेटफार्म पर गिरकर घायल हो गईं। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार साम्हों निवासी अंजू (35) पत्नी सुधीर शाक्य और गीता (45) पत्नी दशरथ सिंह ऊसराहार से दवा लेकर अपने घर लौट रही थीं। दोनों महिलाएं भरथना रेलवे स्टेशन से साम्हों जाने के लिए प्लेटफार्म नंबर-1 पर खड़ी ट्रेन 04190 में सवार हो गईं।
ट्रेन में बैठने के बाद उन्हें पता चला कि वे गलत ट्रेन में चढ़ गई हैं। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। घबराहट में दोनों सहेलियां चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करने लगीं, तभी संतुलन बिगड़ने से वे प्लेटफार्म पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ। घटना देखते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी भरथना भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही। रेलवे कर्मियों ने यात्रियों से चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश न करने की अपील की है।



