मुलायम सिंह यादव की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा, बसपा के पूर्व पार्षद प्रत्याशी छक्की लाल साथियों सहित सपा में शामिल

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर गांधी नगर स्थित विधानसभा-56 सपा कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं शहर के प्रबुद्ध लोगों के साथ नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों तथा समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान बसपा के पूर्व पार्षद प्रत्याशी छक्की लाल ने अपने साथियों सहित समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने हमेशा शोषित, वंचित और आम लोगों की आवाज बुलंद की। अनुभवी एवं प्रबुद्ध लोगों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा आएगी।
सपा में शामिल छक्की लाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
सपा में शामिल होने वालों में इंजीनियर छक्की लाल, आरके सक्सेना, राज कुमार, मोहम्मद इलियास, चमन लाल, बाबूराम, जेके यादव और इमरान अली शामिल रहे। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।



