196वीं जयंती पर वीरता-बलिदान को किया नमन

धूमधाम से मनाई गई वीरांगना झलकारी बाई की 196वीं जयंती

जसवंतनगर,इटावा। वीरांगना झलकारी बाई कोरी की 196वीं जयंती लुधपुरा स्थित काली माता मंदिर के निकट शिविर कार्यालय में धूमधाम एवं श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन वीरांगना झलकारी बाई शिक्षा एवं विकास मिशन ट्रस्ट के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित किए तथा आरती-वंदना कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में ट्रस्ट उपाध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद जसवंतनगर के अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका अदम्य साहस, वीरता और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को वीरांगना के गौरवशाली इतिहास और उनके संघर्ष से परिचित कराने की आवश्यकता है। समाज को उनके आदर्शों पर चलते हुए शिक्षा, सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ट्रस्ट अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का जीवन संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने समाज की महिलाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने तथा सामाजिक एकता, जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने वीरांगना झलकारी बाई के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और देशभक्ति को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ट्रस्ट संरक्षक बहादुर सिंह शंखवार,कोषाध्यक्ष सूरज सिंह,सचिव अतिन कुमार,बृजेश कुमार, सुखदेवी सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी,बच्चे एवं क्षेत्र के अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने वीरांगना झलकारी बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Back to top button