हाई बीपी में सेंधा नमक खाना कितना सेफ, WHO की इस गाइडलाइन को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

Does Rock Salt Lower BP: हाई ब्लड प्रेशर आज के दौर में बेहद आम स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है, जिसे काबू में रखने के लिए लोग अक्सर अपनी खानपान की आदतों में बदलाव करते हैं। इसी क्रम में कई लोग साधारण नमक छोड़कर सेंधा नमक का इस्तेमाल शुरू कर देते हैं, क्योंकि सोशल मीडिया और आम बातचीत में यह धारणा फैली है कि सेंधा नमक खाने से बीपी नहीं बढ़ता। मगर वैज्ञानिक नजरिए से यह दावा कितना सही है, इस पर न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रोहित गुप्ता ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए स्थिति स्पष्ट की है।
अक्सर यह माना जाता है कि बीपी के मरीजों को सामान्य नमक के बजाय सेंधा नमक खाना चाहिए, मगर डॉ. रोहित गुप्ता के मुताबिक विज्ञान इस बात की पुष्टि नहीं करता। उन्होंने बताया कि ब्लड प्रेशर बढ़ने के पीछे मुख्य वजह नमक में मौजूद सोडियम होता है, और सेंधा नमक व साधारण नमक दोनों में ही सोडियम की मात्रा लगभग समान होती है। ऐसे में दोनों ही प्रकार के नमक का रक्तचाप पर एक जैसा प्रभाव पड़ता है, इसलिए सेंधा नमक को बीपी कम करने या बढ़ने से रोकने में ज्यादा बेहतर मान लेना सही नहीं है।
डॉक्टर का कहना है कि हाई बीपी से जूझ रहे लोगों के लिए सबसे अहम बात नमक की कुल मात्रा यानी सोडियम इनटेक को सीमित रखना है। चूंकि दोनों नमक में सोडियम स्तर लगभग बराबर रहता है, इसलिए केवल नमक बदल लेने से कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिलता और मरीजों को सामान्य नमक बदलने की जरूरत नहीं है।
रोजमर्रा के आहार में अधिक नमक लेने से हाइपरटेंशन की दिक्कत लगातार बनी रह सकती है। इसके अलावा ज्यादा नमक का सेवन हृदय रोग, ब्रेन स्ट्रोक, लकवे और गुर्दे से जुड़ी बीमारियों के जोखिम को भी बढ़ा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की गाइडलाइन के अनुसार, एक वयस्क व्यक्ति को दिनभर में 5 ग्राम से कम नमक का सेवन करना चाहिए, जो करीब एक छोटी चम्मच के बराबर होता है।
स्वेटर पर क्यों बनती हैं गोलियां, जानें हटाने के 5 आसान तरीके और बचाव के टिप्स
हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को अपनी सेहत सुरक्षित रखने के लिए सेंधा हो या साधारण, हर तरह के नमक की मात्रा कम रखनी चाहिए। अचार, पापड़, चिप्स, नमकीन और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों से दूरी या कटौती करना भी जरूरी है क्योंकि इनमें नमक की मात्रा अधिक होती है। इसके साथ ही नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराते रहें और डॉक्टर के परामर्श के अनुसार ही दवाएं लें, अपनी मर्जी से दवा बंद न करें।



