कम्प्यूटेशनल थिंकिंग-एआई पर शिक्षकों का प्रशिक्षण
शिक्षकों व स्टाफ को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग की दी जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। चौ. सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल में सहोदया के तत्वावधान में शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ के व्यावसायिक विकास के लिए कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिक्षकों और स्टाफ को आधुनिक तकनीक, तार्किक चिंतन तथा शिक्षा के क्षेत्र में एआई के उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञ मनोज एम.एस.और एन.के.शर्मा ने कम्प्यूटेशनल थिंकिंग की अवधारणा,समस्या समाधान की तकनीकों और शिक्षण प्रक्रिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में सीबीएसई के डीटीसी डॉ. कैलाश चंद्र यादव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विशेषज्ञों ने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से शिक्षण और विद्यालयीन कार्यों को अधिक सरल, रोचक एवं प्रभावशाली बनाया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और समस्या समाधान कौशल विकसित करने में भी मदद मिलती है।
संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों और स्टाफ को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण हैं। प्रधानाचार्य डॉ.यादव भरत सिंह कानसिंह ने इसे शिक्षकों एवं स्टाफ के ज्ञान और कौशलवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।



