अधिवक्ताओं की सुरक्षा की प्रोटेक्शन एक्ट लागू हो

मुख्यमंत्री को भेजा मांग पत्र का ज्ञापन

भरथना,इटावा। प्रदेश में अधिवक्ताओं की लगातार हो रही हत्याओं और उन पर बढ़ते हमलों को लेकर भरथना बार एसोसिएशन ने चिंता जताई है। अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम (प्रोटेक्शन एक्ट) लागू किए जाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में सोमवार को बार एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी ताखा विजय प्रकाश मिश्रा को सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में आए दिन किसी न किसी अधिवक्ता की निर्मम हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह अधिवक्ता समाज के लिए बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक स्थिति है। अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं, ऐसे में उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। इसके बावजूद इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। बार एसोसिएशन ने मांग की कि आगामी चुनाव से पूर्व प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू किया जाए, जिससे अधिवक्ताओं को सुरक्षा मिल सके।

इसके अलावा ज्ञापन में कासगंज जनपद में अधिवक्ता की निर्मम हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। बार एसोसिएशन ने सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए जल्द कानून लागू करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button