करोड़ों को हंसाने वाला आज खुद रो रहा है, राजपाल यादव की ये बेबसी आपका दिल तोड़ देगी

अच्छा वक्त कब गुजर जाए और बुरा समय कब जीवन में दस्तक दे डाले, कोई नहीं जानता। प्रत्येक इंसान की जिंदगी में उतार-चढ़ाव का सिलसिला चलता रहता है। मुश्किल वक्त में यदि किसी का साथ न मिल पाए तो परेशानी डबल हो जाती है। चुनौतियों का अकेले सामना करना बेहद कष्टदायक होता है। हिंदी सिनेमा के मशहूर हास्य अभिनेता राजपाल यादव आजकल सुर्खियों में छाए हैं।
राजपाल का नाम सुनकर ऐसे कलाकार की छवि आंखों के सामने घूमती है, जो दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने में माहिर है। मौजूदा दौर में किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना वाकई बड़ी बात है। राजपाल यादव का नया ठिकाना दिल्ली की तिहाड़ जेल है। चेक बाउंस के पुराने केस में अदालत के आदेश पर उन्हें सरेंडर करना पड़ा है। ऐसे में उनके प्रशंसकों के चेहरे मुरझा गए हैं। इसमें दो राय नहीं कि राजपाल बेहद काबिल, मेहनती, सहयोगी और ईमानदार इंसान हैं, मगर विषम परिस्थितियों ने उन्हें आज ऐसे मुकाम पर लाकर खड़ा कर दिया है, जो चिंताजनक है। जेल जाने से पहले उन्होंने जो बयान दिया, वह हर किसी को भावुक कर देता है।
एक खबरिया न्यूज चैनल से बात करते समय वह रो पड़े। उन्होंने कहा कि सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। और कोई उपाय भी नहीं दिख रहा…। सर, यहां हम सब अकेले हैं। कोई दोस्त नहीं है। मुझे इस मुश्किल से अकेले ही निपटना होगा। राजपाल यादव की यह पीड़ा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में दोस्ती के चलन पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
इस फिल्म से राजपाल को हुई था भारी नुकसान
फिल्म इंडस्ट्री में करोड़पति-अरबपति फिल्म निर्माता, निर्देशक, कलाकार और संगीतकारों की कोई कमी नहीं है, मगर दुर्भाग्य से राजपाल का साथ देने के लिए कोई आगे नहीं आया है। जिस मामले में राजपाल यादव को जेल जाना पड़ा है, वह लगभग पच्चीस साल पुराना है। अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ को फाइनेंस करने के लिए अभिनेता ने पांच करोड़ रुपए उधार लिए थे। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म औंधे मुंह गिरने के कारण राजपाल यादव को भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
आर्थिक तंगी के कारण वह उधार की रकम चुकाने में सफल नहीं हो पाए। बाद में यह मामला कोर्ट तक पहुंच गया। वर्तमान में उन्हें ब्याज सहित नौ करोड़ रुपए का भुगतान करना है। हास्य अभिनेता की स्थिति ऐसी नहीं है कि वह सिर पर चढ़े इस कर्ज को उतार पाएं। अलबत्ता उन्हें मजबूरन कोर्ट के आदेश पर सरेंडर कर जेल जाना पड़ा है। प्रत्येक सफल एवं असफल इंसान के जीवन में अक्सर ऐसे मोड़ आते हैं, जब वह खुद को लाचार एवं अकेला महसूस करता है। इस दौरान उन नाते-रिश्तेदारों एवं दोस्तों की असलियत सामने आती है, जो अब से पहले सुख-दुख में साथ रहने का दंभ भरते हैं।
Box Office Battle: 14 अगस्त को टकराएंगे सलमान, सनी और वरुण; किसकी होगी जीत
कानूनी नजरिए से राजपाल यादव बेशक अपराधी हैं, मगर सही मायने में व्यक्तिगत तौर पर वह भले इंसान हैं। उन्होंने कड़ी मेहनत कर खुद को मायानगरी में स्थापित कर अपनी अलग पहचान बनाई है। कुछ टीवी शो में साथी कलाकारों ने राजपाल यादव के जीवन के उन अनछुए पहलुओं को उजागर किया था, उसके बारे में कोई नहीं जानता था। राजपाल को नजदीक से जो जानते हैं, वह भी मानते हैं कि अभिनेता की नीयत में कोई खोट नहीं है। वह कभी किसी के संग धोखाधड़ी नहीं कर सकते, मगर बढ़ते आर्थिक संकट और करीबी दोस्तों द्वारा मुंह मोड़ लेने के कारण उन्हें आज जेल में रहना पड़ रहा है।



