मिलेट्स अपनाने का संदेश लेकर लौटे शिक्षक

बीआरसी में मिला प्रशिक्षण मोटे अनाज- मृदा संरक्षण पर दी गई जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। नगर स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार योजना के तहत अध्यापकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को मोटे अनाज (मिलेट्स) के पोषण संबंधी लाभों और इनके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया गया।

सहायक विकास अधिकारी (कृषि) बलवीर सिंह ने बताया कि ज्वार, बाजरा, रागी, सावा और कोदो जैसे मोटे अनाज स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इनमें प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जिससे पेट संबंधी कई बीमारियों की आशंका कम होती है। उन्होंने कहा कि समय के साथ इन अनाजों का प्रचलन घटा है, जिसे फिर से बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में मिलेट्स के प्रति जागरूकता फैलाएं।

प्रशिक्षण के दौरान उद्यान विभाग के निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने मृदा की उर्वरता बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का अत्यधिक प्रयोग मिट्टी की उर्वरा शक्ति को प्रभावित कर रहा है। इसलिए इनके संतुलित उपयोग के साथ जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में करीब पांच दर्जन शिक्षकों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

Related Articles

Back to top button