महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, ईंधन और गैस के दाम घटाने की मांग

मऊ। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुए और वहां से जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिसका असर सीधे तौर पर खाने-पीने और जरूरत की चीजों की कीमतों पर पड़ रहा है।
कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के बाद जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
राजमंगल यादव ने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर और छोटे गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से छोटे व्यापारियों और दुकानदारों की परेशानी भी बढ़ गई है। होटल, ढाबा और छोटे कारोबार चलाने वालों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है और लगातार ऐसे फैसले ले रही है जिससे महंगाई बढ़ रही है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम कम कर आम जनता को राहत दी जाए। कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग की कि बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार जल्द ठोस कदम उठाए।
राजमंगल यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही कीमतों में राहत नहीं दी तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में ओमप्रकाश ठाकुर, उदय प्रताप राय, मनोज गिहार, फ़हद क़ादिर, हफीजुर्रहमान, नज़ीर अहमद, प्रमोद सिंह, शिवाजी कन्नौजिया, सुरेश राजभर, महेंद्र सोनकर, अमरनाथ योगी, रामकेश सिंह पटेल, मोती राम, सरोज पांडेय, सुखराम, विवेक कुमार, शाहिद फारूकी, इफ्तेखार अहमद, अशोक राय और विमल गौंड सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



