गिट्टी गोदाम चौकीदार की संदिग्ध मौत

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मलाजनी खास में एक गिट्टी प्लांट गोदाम पर चौकीदारी करने वाले 60 वर्षीय महानंद कठेरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक महानंद कठेरिया मूल रूप से ग्राम मानिकठी कुदरकोट जनपद औरैया के रहने वाले थे और बीते करीब पांच वर्षों से यहाँ गिट्टी प्लांट पर चौकीदार के रूप में देखभाल कर रहे थे।

बीते शुक्रवार शाम को आसपास के रहने वाले लोगों और ग्रामीणों ने दिन भर गिट्टी गोदाम पर चौकीदार महानंद की कोई चहल कदमी नहीं देखी और प्लांट का दरवाजा सुबह से बंद था। अनहोनी की आशंका के चलते इकट्ठे ग्रामीण और लोगों ने किसी तरह प्रयास करके प्लांट गोदाम में अंदर प्रवेश किया तो चौकीदार महानंद के कमरे का दरवाजा बंद था।

दरवाजे के कुंडे को निकालकर दरवाजा खोला तो देखा चौकीदार महानंद कठेरिया अचेत अवस्था में अपने बिस्तर पर पड़े हुए थे और उनके मुहॅ से झाग निकल रहा था।सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के माध्यम से महानंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार चौकीदार महानंद की मौत करीब चार-पांच घंटे पहले ही हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर और परिजनों को सूचित कर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक के पुत्र सदानंद ने अपने पिता की मौत पर सवाल उठाते हुए कहा कि मेरे पिता पिछले करीब पाँच वर्षों से मलाजनी खास स्थित उमा कंस्ट्रक्शन गिट्टी प्लांट गोदाम पर चौकीदार का कार्य कर रहे थे आरोप लगाया कि गिट्टी प्लांट गोदाम के मालिक के द्वारा कई महीनों से वेतन नहीं दिया जा रहा था मांगने पर टहला दिया जाता था। पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पुलिस हर बिंदु से गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button