ग्रह क्लेश: फांसी पर लटकी मिली महिला
परिजनों में मचा कोहराम रो-रोकर हुआ बुरा हाल

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली नगर के मोहल्ला बृजराज नगर में मंगलवार की सुबह उस समय चीख पुकार के साथ कोहराम मच गया जब एक महिला का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। अपनी मां को फांसी के फंदे पर झूलता देख मृतिका के बेटे की चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय रजनी शर्मा पत्नी श्याम शर्मा ने ग्रह क्लेश से तंग आकर घर के पीछे बने एक किराए के प्लॉट में फांसी लगाकर आत्महत्या करली। घटना की जानकारी देते हुए मृतिका के बेटे नकुल शर्मा ने बताया कि मेरी मां घरेलू कलह के चलते काफी परेशान थी,मंगलवार की सुबह करीब छह बजे जब सोकर वह जागा तो उसे मां घर पर नहीं दिखी। बहन पारुल से मां के बारे में पूछा तो बहन ने बताया कि शायद मां छत पर होंगी।
काफी देर तक मां को ढूंढने के बाद जब मां नहीं दिखी तो घर के पीछे किराए के प्लॉट में जाकर देखा तो मां का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। दिवाली की रात भी घर में पिता ने शराब के नशे में कलह किया था। जिसके बाद मां ने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही जनपद औरैया के महारथपुर करमपुर निवासी मृतिका के मायके के परिजन भी चीख पुकार करते हुए मौके पर पहुंच गए। मृतिका का पति शटरिंग का काम करता था। शटरिंग के सामान को रखने के लिए घर के पीछे किराए पर एक प्लॉट ले रखा था। उसी प्लॉट में महिला ने फांसी लगा कर आत्महत्या की है। उक्त घटना के बाद मृतिका का पति घर से फुर्र हो गया।
जोकि पंचनामा भरे जाने तक घर नहीं पहुंचा।
घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल में जुट गए। कस्बा चौकी प्रभारी जितेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उक्त हृदय विदारक घटना से मृतिका के पुत्र,पुत्री समेत तमाम परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।



