बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर सपा नेता ने जताया विरोध
सिकंदर यादव बोले- घटना की निष्पक्ष जांच कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों पर हो कार्रवाई

गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे पर गंदा पदार्थ लगाए जाने और प्रतिमा पर चढ़ी मालाओं से छेड़छाड़ की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता सिकंदर यादव ने विरोध जताया है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सिकंदर यादव ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ किया गया कथित कृत्य केवल प्रतिमा या किसी एक समाज का अपमान नहीं है, बल्कि संविधान, समानता, सामाजिक न्याय और बंधुत्व में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाओं से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने अपना पूरा जीवन सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष और समानता के लिए समर्पित किया।
सपा नेता ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर प्रतिमा का अपमान कर सामाजिक माहौल खराब करने का प्रयास किया है तो प्रशासन को उसकी पहचान कर कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए।
उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थान पर महापुरुष की प्रतिमा के साथ इस तरह की घटना गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से ऐसी कार्रवाई की मांग की, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सिकंदर यादव ने लोगों से शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी मामले में न्याय की मांग संवैधानिक एवं कानूनी तरीके से की जानी चाहिए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।



