परिषदीय विद्यालयों में किया गया न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

महराजगंज, रायबरेली। विकास खंड क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय कैड़ावा में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कार्यक्रम के नोडल संकुल दयाशंकर अवस्थी एवं प्रधानाचार्य विकास कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया।
कंपोजिट विद्यालय कैड़ावा में सोमवार को आयोजित संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय मऊ सर्की, दसवंतपुर, बरीबरा, जियापुर, शिवगढ़, मुरैनी, डेपार मऊ, सिकंदरपुर, कंपोजिट विद्यालय कैड़ावा, प्राथमिक विद्यालय मूंग ताल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मऊ गर्वी समेत 13 विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेल शामिल थे, जैसे दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, खो-खो, गोला फेंक आदि खेलों में एक दर्जन से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
नोडल संकुल दयाशंकर अवस्थी ने बताया कि, मऊ न्याय पंचायत स्तर पर सफल होने वाले विजेताओं को आगे ब्लॉक और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलेगा। यही बच्चे आगे चलकर राष्ट्रीय लेवल के खेलों में भी अपने हुनर की बदौलत प्रतिभाग कर सकेंगे।
प्रतियोगिता में प्रमुख रूप से बैजनाथ साहू, दीप यंती सोनकर, केशर बख्श सिंह, मुकेश मिश्रा, राम लखन, प्रशांत वर्मा, दीपक सिंह, वीरेंद्र कुमार, सरिता सिंह, शिल्पिका सिंह, बजरंग नारायण, पवन कुमार शुक्ला, राघवेंद्र प्रताप सिंह, कमल शुक्ला, स्वयंवर सिंह, दुर्गेश कुमार, मोहन मौर्य, प्रवीण सिंह, रमेश मौर्य, राम लखन आदि शिक्षक शिक्षिकाएं एवं विद्यालयों के बच्चे मौजूद रहे।
—————————————–
रास्ते के विवाद में जमकर चले लाठी डंडे, 10 लोग घायल
महराजगंज, रायबरेली। रास्ते को लेकर काफी समय से चल रहे विवाद में सोमवार की सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के दस लोग घायल हुए, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों पक्षों के सात गंभीर घायलों को जिला रेफर कर दिया गया।
मामला चंदापुर थाना क्षेत्र के असर्फाबाद गांव का है।
गांव निवासी अयोध्या व हरी प्रसाद के मध्य रास्ते को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था, सोमवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर लाठी डंडे चले जिसमें एक पक्ष से अयोध्या 65 वर्ष पुत्र अहोरवा,विजयराज 22 वर्ष व लवकेश 32 वर्ष पुत्रगण अयोध्या, शंकारा 60 वर्ष पत्नी अयोध्या तथा कुसुमा पत्नी संदीप घायल हुए वहीं दूसरे पक्ष से हरी प्रसाद 75 वर्ष,रामकेवल 45 वर्ष पुत्र हरी प्रसाद,लालती 25 वर्ष पत्नी सुनील कुमार, केतकी 25 वर्ष पत्नी शिवकरन, अभिषेक 19 वर्ष पुत्र राम सजीवन गंभीर घायल हुए।
सूचना पर पहुंची चंदापुर पुलिस ने दोनो पक्षों के घायलों को इलाज के लिए सीएचसी महराजगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रथम पक्ष से विजय राज व कुसुमा तथा दूसरे पक्ष से अभिषेक की हालत सामान्य बताई एवं दोनों पक्षों के अन्य सात घायलों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मामले में थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में रास्ते को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है, पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग की धाराओं में पाबंद भी किया था। रास्ते के पुराने विवाद को लेकर मारपीट हुई है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।



