गनपत सहाय पीजी कॉलेज में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के अंतर्गत चलाया हस्ताक्षर अभियान

सुल्तानपुर। स्थानीय गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को प्रशासन के निर्देशानुसार ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ ओम प्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’ के मार्गदर्शन और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो अंग्रेज सिंह के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने महिला आरक्षण बिल और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए बड़ी संख्या में उत्साह के साथ हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में महिलाओं की भूमिका को सुदृढ़ बनाना था। महाविद्यालय के सीताकुंड परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने एक बड़े श्वेत पटल (बैनर) पर अपने हस्ताक्षर कर नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया।
बैनर पर हस्ताक्षर करने के लिए छात्राओं की लंबी कतारें देखी गईं। इस दौरान कार्यक्रम समन्वयक प्रो गीता त्रिपाठी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति केवल एक शब्द नहीं, बल्कि समाज के विकास का आधार है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास भरते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक प्रो मो.शाहिद, प्रो मनोज मिश्र, प्रो नीलम तिवारी, प्रो नसरीन, डाॅ भोलानाथ, डॉ शिखा श्रीवास्तव, डॉ ज्योतिमा, डॉ अंजू सिंह तथा बड़ी संख्या में छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।



