भारत छोड़कर बांग्लादेश लौटने की तैयारी, शेख हसीना के इस एक कदम से ढाका में मचा हड़कंप

Sheikh Hasina New Passport Request: भारत में निर्वासित जीवन बिता रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश वापसी की दिशा में बड़ा कूटनीतिक कदम उठाया है। शेख हसीना ने अपने अंतरराष्ट्रीय कानूनी सलाहकार के माध्यम से नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से औपचारिक संपर्क साधकर अपने लिए नया बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) जारी करने की आधिकारिक दरखास्त दी है।
भारत में बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को यह पत्र लंदन स्थित प्रतिष्ठित मैट्रिक्स चैंबर्स के प्रमुख बैरिस्टर स्टीवन पावेल्स केसी की ओर से भेजा गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ढाका में बैठी अंतरिम सरकार और संबंधित अधिकारियों द्वारा शेख हसीना के मौजूदा पासपोर्ट और एनआईडी को कथित तौर पर रद्द कर दिए जाने के बाद यह नया आवेदन करना जरूरी हो गया था।
ब्रिटिश बैरिस्टर ने इस कानूनी पत्र में तर्क दिया है कि नया पासपोर्ट और पहचान पत्र हासिल करने का शेख हसीना का यह आवेदन उनकी जन्मजात बांग्लादेशी नागरिकता पर आधारित एक बुनियादी कानूनी हक है। पत्र में बांग्लादेश के घरेलू कानूनों और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संधियों के तहत आने वाले दायित्वों का हवाला देते हुए उच्चायोग से पूरे मामले की अविलंब जांच करने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही उच्चायोग से अनुरोध किया गया है कि नए यात्रा और पहचान दस्तावेज बिना किसी अनावश्यक देरी के जारी करने के लिए जरूरी कानूनी औपचारिकताओं और अपेक्षित कागजी प्रक्रियाओं से उनके विधिक दल को तुरंत अवगत कराया जाए।
तुम युद्ध भी हार गए और चुनाव भी, ट्रंप पर किसने कसा तंज
करीब सवा दो साल से भारत में रह रहीं अवामी लीग प्रमुख शेख हसीना पहले ही सार्वजनिक तौर पर ऐलान कर चुकी हैं कि वह आगामी दिसंबर के महीने में बांग्लादेश लौटेंगी। उन्होंने साफ किया है कि वह अपने और अपनी पार्टी अवामी लीग पर लगाए गए सभी राजनीतिक व कानूनी आरोपों का अपनी धरती पर लोकतांत्रिक और निष्पक्ष तरीके से सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ऐसे में दिल्ली स्थित उच्चायोग से नए यात्रा दस्तावेजों की मांग को उनकी संभावित वतन वापसी की जमीनी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।



