मक्के की रोटी के साथ चाव से खाते हैं सरसों का साग? आयुर्वेद में इसे बताया गया सबसे खराब, जानें पकाने का सही तरीका

Sarson ka saag Ayurveda benefits side effects: सर्दियों का मौसम दस्तक देते ही उत्तर भारत के अधिकांश घरों में गरमा-गरम मक्के की रोटी और सरसों के साग की खुशबू महकने लगती है। ठंड के दिनों में लोग इसे बड़े स्वाद से खाते हैं और आम धारणा यह है कि यह शरीर को गर्माहट देकर ठंड से सुरक्षा प्रदान करता है।

हालांकि आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथों और स्वास्थ्य संहिताओं के मुताबिक सरसों का साग सेहत के लिहाज से उतना लाभकारी नहीं माना जाता जितना लोग समझते हैं। महर्षि वाग्भट्ट द्वारा रचित ‘अष्टांग हृदयम्’ में तो हरी सब्जियों और साग की श्रेणी में सरसों के पत्तों को सबसे निंदित यानी सबसे कम गुणकारी और पचने में कठिन बताया गया है। आयुर्वेदाचार्यों के अनुसार यदि इसे पारंपरिक और वैज्ञानिक तरीके से न पकाया जाए, तो यह शरीर के वात, पित्त और कफ तीनों दोषों को असंतुलित कर गंभीर पाचन विकार पैदा कर सकता है।

सरसों के साग पर आयुर्वेद का सबसे बड़ा खुलासा!

आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से सरसों के साग की प्रकृति अत्यंत भारी (गरिष्ठ), गर्म और रूखी होती है। इसे अकेले और बिना सही विधि के खाने पर यह आंतों में शुष्कता बढ़ाकर कब्ज, गैस, पेट फूलना और पेशाब में रुकावट जैसी समस्याएं खड़ी कर सकता है। महर्षि चरक ने भी ‘चरक संहिता’ में स्पष्ट किया है कि पत्तेदार साग स्वभाव से भारी और रूखे होते हैं, इसलिए इनका सीधा सेवन शरीर को रोगी बना सकता है। सरसों के साग में पोषक तत्वों की तुलना में भारीपन अधिक होता है, जिसके चलते कमजोर पाचन वाले लोगों के लिए इसे पचा पाना बेहद मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि आयुर्वेद में इसे रोजमर्रा के भोजन में शामिल करने के बजाय सीमित मात्रा में और विशेष पाक विधि के साथ ही खाने की सलाह दी गई है।

यदि आप सर्दियों में इसके स्वाद का आनंद लेना चाहते हैं, तो आयुर्वेद में बताए गए विशेष नियमों का पालन करना अनिवार्य है। सबसे पहले सरसों के पत्तों को साफ करके अच्छी तरह पानी में उबालना चाहिए ताकि उसका कच्चापन और भारीपन टूट सके। इसके बाद सबसे महत्वपूर्ण चरण यह है कि उबले हुए साग के अतिरिक्त पानी को अच्छी तरह निचोड़कर बाहर फेंक दें और उस पानी का इस्तेमाल पकाने में बिल्कुल न करें। चूंकि सरसों के साग में रूखापन बहुत अधिक होता है, इसलिए इसकी शुष्कता को शांत करने के लिए इसे शुद्ध देसी घी या सरसों के तेल में अच्छी तरह पकाना जरूरी है। पंजाब और हरियाणा की पारंपरिक रसोई में साग के ऊपर भरपूर मक्खन और घी डालने की परंपरा इसी वैज्ञानिक सिद्धांत पर आधारित है, जिससे यह आंतों में चिकनाई बनाए रखे और सुपाच्य बन सके।

टॉयलेट में की गई ये 2 गलतियां दे सकती हैं बवासीर का असहनीय दर्द, डॉक्टरों ने चेताया

इसके अलावा आयुर्वेद का एक और कड़ा नियम यह है कि कभी भी केवल सरसों के पत्तों का एकल साग नहीं बनाना चाहिए। इसे हमेशा अन्य शीतल और पाचक हरी सब्जियों जैसे बथुआ, पालक, मेथी या मूली के पत्तों के साथ मिलाकर पकाना चाहिए। अन्य सागों का मिश्रण इसके भारीपन को कम करता है और त्रिदोषों के प्रकोप को संतुलित रखता है। जो लोग बिना उबाले या बिना अन्य साग मिलाए इसका भारी सेवन करते हैं, वे अक्सर अपच और उदर रोगों के शिकार होते हैं। इसलिए सर्दियों के इस लोकप्रिय व्यंजन को सही विधि और सीमित मात्रा में खाकर ही सेहतमंद स्वाद का आनंद लिया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button