संत रविदास जयंती: निकलेंगी कलश वंदन यात्रा

जसवंतनगर,इटावा। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से समरसता संकल्प अभियान के तहत जसवंतनगर मंडल के विभिन्न गांवों में कलश वंदन यात्रा निकाली गई। यात्रा में सामाजिक समरसता,समानता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ जसवंतनगर स्थित अंबेडकर पार्क से हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों और गांवों से होते हुए संत रविदास मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धा और भक्ति के साथ इसका समापन हुआ। इस दौरान लोगों ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाने और समाज में भाईचारा कायम रखने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत संत रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी को कलश में रखकर गांव-गांव पहुंचाया जा रहा है। इसके माध्यम से लोगों को संत रविदास के समानता,सामाजिक समरसता और मानवता के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मंडल अध्यक्ष अजय बिंदू यादव ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता,भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक भेदभाव दूर करने की प्रेरणा देते हैं। कलश वंदन यात्रा के माध्यम से उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा में पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य,पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विवेक शाक्य,जिला महामंत्री एवं विधानसभा प्रभारी तथा यात्रा के जिला संयोजक अनूप जाटव,मंडल अध्यक्ष अजय यादव बिंदू,मंडल प्रभारी विरला शाक्य, जिला मंत्री राजकमल यादव,जिला मंत्री संजू बाबू शाक्य,डॉ. राजबहादुर यादव,पर्वत सिंह यादव,जितेंद्र शीलू तोमर,गोविंद शर्मा, लज्जाराम प्रजापति, जयशिव वाल्मीकि,चंदन दुबे,श्रेयस मिश्रा, अभिषेक रामजी शुक्ला, विवेक गुप्ता,द्रुवेश तोमर, राजीव उपाध्याय,उमा सागर,सुरेश गुप्ता,दीपक धाकरे,नीलेश यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



