कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी मांगने वाला 25 हजार का इनामी सलमान गिरफ्तार

वरिष्ठ अधिकारी बनकर धमकाने का आरोप, चार आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं

गाजियाबाद। इंदिरापुरम में वरिष्ठ अधिकारी बनकर कारोबारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्वाट और सर्विलांस टीम ट्रांस हिंडन जोन तथा इंदिरापुरम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार, 26 अक्टूबर को आरोपी को 5-6 की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। इस मामले में चार अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, इंदिरापुरम निवासी कारोबारी विकास मित्तल ने एक सितंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में अनिल प्रताप सिंह, अनिकेत सिंह उर्फ कबीर सिंह, सिद्धार्थ जैन, सलमान और अंकित द्विवेदी पर खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने कारोबारी को डराया-धमकाया और जेल भिजवाने का भय दिखाकर दबाव बनाया। शिकायत के आधार पर इंदिरापुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 308(4), 308(6), 204, 115(2) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

समझौता कराने के नाम पर बनाया दबाव

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सलमान फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सलमान की उम्र करीब 32 वर्ष है और वह दिल्ली के हरिनगर थाना क्षेत्र के तिहाड़ गांव का निवासी है।

एनआईए के नोटिस की जानकारी लेकर रची साजिश

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को एटूजेड फर्म से संबंधित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के नोटिस की जानकारी मिली थी। पुलिस के अनुसार, इसी मामले में समझौता कराने के नाम पर आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश रची। आरोप है कि फर्म के मालिक और शिकायतकर्ता को डराया-धमकाया गया तथा जेल भिजवाने का भय दिखाकर उनसे नकदी वसूली गई।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच भी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button