डीएम के प्रयास से मिली नौकरी, अब दिव्यांग क्रिकेटर ओमवीर सेन ने तीन अवार्ड जीतकर बढ़ाया गाजियाबाद का मान

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ के जनता दरबार में शिकायत के बाद रोजगार पाने वाले दिव्यांग क्रिकेटर ओमवीर सेन ने क्रिकेट के मैदान पर भी शानदार उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश पैरा क्रिकेट टीम की ओर से बनारस में खेले गए मैचों में ओमवीर को मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मंगलवार को उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपने पुरस्कार दिखाए और खुशी साझा की।

मोदीनगर के गोविंदपुरी निवासी ओमवीर सेन भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम और उत्तर प्रदेश पैरा क्रिकेट टीम के खिलाड़ी हैं। कुछ सप्ताह पहले उन्होंने जनता दरबार में जिलाधिकारी को अपनी समस्या बताते हुए कहा था कि क्रिकेट में उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद उन्हें नौकरी नहीं मिल पा रही है। जिलाधिकारी के संज्ञान लेने के बाद उन्हें नगरपालिका मोदीनगर में संविदा पर रोजगार उपलब्ध कराया गया।

ओमवीर ने जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान बताया कि बनारस में मैच खेलने जाने से पहले उन्होंने उनसे आशीर्वाद लिया था। इस दौरान उन्होंने अपने क्रिकेट बैट पर जिलाधिकारी का ऑटोग्राफ भी लिया था। ओमवीर ने कहा कि जिलाधिकारी से मिले प्रोत्साहन और आशीर्वाद ने उनका हौसला बढ़ाया। शानदार प्रदर्शन के बाद तीन पुरस्कार मिलने से वह बेहद खुश हैं।

Related Articles

Back to top button