खांसी हो तो कराएं टीबी की जांच: जितेंद्र कुमार

टीबी खोज अभियान स्वास्थ्य शिविर में संदिग्ध मरीजों के लिए नमूने

जसवंतनगर,इटावा। जनसेवा श्रमिक स्वाभिमान समिति एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को अहीरटोला शाला में 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में लक्षणयुक्त लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई।

हैंड हेल्ड मशीन से संदिग्ध लोगों की जांच की गई। टीबी के लक्षण पाए जाने पर मरीजों को पुष्टि के लिए उच्च स्तरीय जांच के लिए भेजा गया। पुष्टि होने के बाद उनका निशुल्क उपचार कराया जाएगा।

टीबीएचबी जितेंद्र कुमार ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी,सीने में दर्द, बलगम में खून आना, शाम के समय पसीना आना,वजन कम होना, बच्चों का वजन न बढ़ना, भूख कम लगना और गले में गांठ होना टीबी के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर निशुल्क बलगम की जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टीबी की पुष्टि होने पर सरकार की ओर से पूरा उपचार निशुल्क दिया जाता है। उपचार के दौरान मरीज को पौष्टिक आहार के लिए प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से एक हजार रुपये भी दिए जाते हैं।

शिविर में रक्तचाप और शुगर समेत अन्य स्वास्थ्य जांचें भी की गईं। लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार प्राप्त किया।

इस दौरान समिति अध्यक्ष मुन्ना लाल माहौर, समाजसेवी करू यादव, धर्मेंद्र उर्फ चेयरमैन यादव, सभासद मुकेश यादव, सीएचओ ज्योति यादव, जिला कोऑर्डिनेटर रविंद्र सिंह,शैलेंद्र यादव,आशा राखी यादव,शिल्पी,धर्मेंद्र यादव,आशा एवं आशा संगिनी आदि मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button