डासना में रामलीला का शंखनाद, भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियां

डासना। श्री आदर्श रामलीला समिति डासना की ओर से रामलीला आयोजन को लेकर भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक विधि-विधान से हुए पूजन में प्रभु श्रीराम का स्मरण कर देश की उन्नति, शांति, सद्भावना और जन-जन के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की गई।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि प्रभु श्रीराम मर्यादा, न्याय, सत्य और जनकल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “ऐसे चौकीदार का क्या फायदा, जो रामधन की सुरक्षा भी न कर पाए। प्रभु श्रीराम उन्हें सद्बुद्धि दें, सद्भावना दें और देश की जनता के जीवन में खुशहाली लाएं।”
उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में भाईचारे, सद्भाव और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करने पर जोर दिया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष रघुराज सिंह चौहान, सचिव श्याम पोरवाल, संरक्षक संजीव मित्तल, राजीव शर्मा, सुनील मित्तल, अश्वनी शर्मा, सभासद सत्येंद्र चौहान, देवदत्त शर्मा, पन्नालाल शर्मा, आशुतोष गुप्ता, मीडिया प्रभारी बृजमोहन सिंह, सिंह राज, दीपक गोयल, दीपक, शरद शर्मा समेत समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
समिति पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि रामलीला के माध्यम से प्रभु श्रीराम के आदर्शों, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। भूमि पूजन के साथ ही डासना में रामलीला के धार्मिक उत्सव की तैयारियों का विधिवत शंखनाद हो गया।



