हाईवे के ढाबों पर छापा: तीन बालश्रमिक मुक्त
श्रम,पुलिस विभाग व बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त कार्रवाई

जसवंतनगर,इटावा। बालश्रम उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को आगरा रोड स्थित हाईवे के विभिन्न ढाबों पर श्रम विभाग, पुलिस और बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन नाबालिगों को बालश्रम से मुक्त कराया। सभी बच्चों को संरक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया के लिए संबंधित विभागों के सुपुर्द कर दिया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक श्रमायुक्त कुलदीप सिंह के संयोजन में संचालित अभियान का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन अधिकारी अतुल श्रीवास्तव ने किया। टीम में वरिष्ठ सहायक प्रवीन कुमार, बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य तथा एएचटीयू प्रभारी एसआई रफीक अहमद शामिल रहे।
छापेमारी के दौरान आगरा रोड स्थित जोधपुर राजस्थानी ढाबा से बाराबंकी निवासी करीब 16 वर्षीय किशोर को बालश्रम करते हुए मुक्त कराया गया। वहीं अमृतसरी ढाबा से कन्नौज जनपद के 16 और 17 वर्षीय दो अन्य किशोरों को भी बालश्रम से मुक्त कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी मुक्त कराए गए किशोरों का विवरण दर्ज कर नियमानुसार संरक्षण एवं पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम ने होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को चेतावनी दी कि नाबालिग बच्चों से काम कराना कानूनन अपराध है। यदि कहीं भी बालश्रम कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल श्रम विभाग, पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अभियान में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से बिलाल अहमद तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीएलएसए के अधिकार मित्र लालमन और राजेंद्र सिंह ने भी सहयोग प्रदान किया।



