बदहाली का शिकार डीह रजबहा की सर्विस रोड, राहगीरों के साथ कभी भी हो सकता है हादसा

महराजगंज, रायबरेली। डीह रजबहा की करीब छह किलोमीटर लंबी सर्विस रोड इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह दस फीट तक लंबे और करीब दो फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। बरसात का पानी इन गड्ढों में भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और राहगीरों के लिए हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।
इन्हौना-अयोध्या और रायबरेली हाईवे से जुड़ी होने के कारण इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसके अलावा प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को अमेठी जिले के सिंहपुर स्थित माता अहोरवा भवानी के दर्शन के लिए श्रद्धालु इसी रास्ते से गुजरते हैं। सावन माह में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है।
क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक, पिछले वर्ष इन्हौना-रायबरेली मार्ग पर कैर नैय्या पुल के निर्माण के दौरान बरसात में करीब दो माह तक बड़े और छोटे वाहनों का आवागमन डीह रजबहा की सर्विस रोड से कराया गया था। वाहन डेपार मऊ चौराहा से होकर चंदापुर, महराजगंज और रायबरेली की ओर जाते थे। भारी वाहनों के आवागमन के चलते डेपार मऊ पुल से चंदापुर नहर पुल तक करीब छह किलोमीटर सड़क की हालत और खराब हो गई।
ज्योना गांव निवासी मनोज त्रिवेदी, नीरज, रमाकांत तिवारी और महेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क के गड्ढों में पानी भरा होने से आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने सिंचाई विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
एक्सईएन बोले – जल्द होगा समस्या का समाधान
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रमा शंकर राय ने बताया कि सड़क की समस्या संज्ञान में आई है। जल्द ही इसका निराकरण कराया जाएगा, ताकि राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।



