लोकतंत्र की रक्षा समाजवादियों की जिम्मेदारी: प्रदीप शाक्य

भाजपा एसआईआर के नाम पर रच रही साजिश

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में बुधवार को नगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार बबलू शाक्य की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एसआईआर के नाम पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ कर रही है। वह समाजवादी पार्टी के समर्थक मतदाताओं को सूची से बाहर करने की साजिश रच रही है।

प्रदीप शाक्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही लोकतंत्र और संविधान की सच्ची संरक्षक है। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर नए मतदाताओं को जोड़ें और जनता को भाजपा की नीतियों से सावधान करें। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय किए गए विकास कार्यों और जनता के हित में लिए गए फैसलों को लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। शाक्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र बचाने की निर्णायक लड़ाई बताते हुए कहा कि आरक्षण, सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए सपा का मजबूत होना जरूरी है।

नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेश ‘जंगलराज’ में बदल गया है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है, महिलाएं असुरक्षित हैं और महंगाई ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सरकार पूरी तरह विफल रही है। जीएसटी ने व्यापारियों को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है।

विधायक प्रतिनिधि ठा. अजेंद्र सिंह गौर और सांसद प्रतिनिधि हाजी मोहम्मद शमीम ने कहा कि जब प्रदेश से भाजपा सरकार जाएगी, तभी किसानों, मजदूरों और युवाओं के जीवन में खुशहाली लौटेगी। उन्होंने कहा कि सपा ही एकमात्र पार्टी है जो हर वर्ग की आवाज बनकर खड़ी है।

नगर महासचिव राशिद सिद्दीकी ने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के नियम बताए। बैठक में विधानसभा एसआईआर प्रभारी सुभाष गुप्ता,जितेंद्र मोना यादव, रामवीर यादव,रघुवीर सिंह, ऋषिकांत चतुर्वेदी,अशोक क्रांतिकारी,गोपाल गुप्ता, सत्यवती,माया देवी समेत अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button