खेत पर करंट की चपेट से युवक की मौत
खेत पर फसल रखवाली को गया युवक नहीं लौटा: परिवार में मचा कोहराम

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भैसाई में खेतों की ओर गए एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई सतीश यादव ने बताया कि उनके 28 वर्षीय भाई सोनेलाल, पुत्र रामपाल सिंह,गुरुवार रात करीब 9 बजे खेतों की तरफ घूमने गए थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह खेत में करंट की चपेट में पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोनेलाल की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अपने पीछे पत्नी रचना देवी, सात वर्षीय पुत्री खुशी और चार वर्षीय पुत्र अनुज को छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



