महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय करने के निर्देश

गाजियाबाद। महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस लाइन स्थित परमजीत हॉल में पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन/मुख्यालय धवल जायसवाल की अध्यक्षता में महिला सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया।
गोष्ठी में सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध, सहायक पुलिस आयुक्त प्रोटोकॉल सहित जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो स्क्वॉड टीमें मौजूद रहीं। डीसीपी ने महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम और शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को लेकर अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सतर्क और संवेदनशील रहना होगा। किसी भी महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसीपी ने सार्वजनिक स्थानों, स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और महिलाओं एवं बालिकाओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। टीमों को नियमित रूप से भ्रमण और निगरानी करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।
उन्होंने सभी टीमों को निर्देशित किया कि महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
डीसीपी ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के सिद्धांत पर पुलिस टीमों को लगातार काम करना होगा।



