संभावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी ग्रामीण ने लोनी बॉर्डर और अंकुर विहार में परखी सुरक्षा

पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, अफवाहों पर नजर रखने और संयम के साथ ड्यूटी करने के निर्देश

गाजियाबाद। संभावित धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर कमिश्नरेट गाजियाबाद में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने थाना लोनी बॉर्डर और अंकुर विहार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग देकर सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीसीपी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी संयम बरतें और किसी भी परिस्थिति में जल्दबाजी या उत्तेजना में आकर कार्रवाई न करें। क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए।

उन्होंने आम जनता और प्रदर्शनकारियों के साथ संयमित एवं पेशेवर व्यवहार करने पर जोर दिया। साथ ही, अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए। डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहने और आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।

Related Articles

Back to top button