कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा शुरू

क्षेत्र में छाया भक्ति का माहौल

जसवंतनगर,इटावा। बलरई ग्राम के मोहल्ला विकास नगर में गुरुवार को श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा एवं गणेश पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में महिलाओं और युवतियों ने श्रद्धा व उत्साह के साथ कलश यात्रा निकाली, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

कलश यात्रा विकास नगर से प्रारंभ होकर बलरई-भोगनीपुर गंग नहर तक पहुंची, जहां से श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जल भरकर पुनः यात्रा निकाली और सेंट्रल बैंक के पास पहुंचकर इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान भक्ति गीतों, जयघोषों और धार्मिक नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

इसके पश्चात कन्नौज से पधारे कथा वाचक बृजेश कुमार द्विवेदी ने श्रीमद्भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को सार्थक बनाता है। उन्होंने कहा कि कथा सुनने से मनुष्य के पाप नष्ट होते हैं और उसे सद्बुद्धि की प्राप्ति होती है। साथ ही उन्होंने श्रद्धा और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया।

इस धार्मिक आयोजन का आयोजन डॉ. मुकेश पाठक द्वारा कराया जा रहा है। कथा में परीक्षित की भूमिका स्वयं मुकेश पाठक व उनकी पत्नी बीना पाठक निभा रहे हैं, जबकि यज्ञपति के रूप में योगेश कुमार पाठक, बृजेश कुमार पाठक एवं राकेश कुमार पाठक अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं।

आयोजक मुकेश पाठक ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित कथा में पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और धर्म लाभ अर्जित करें।

Related Articles

Back to top button