नवरात्र-दशहरा पर आयोजक सुरक्षा के करें पुख्ता इंतजाम: एसडीएम

देवी-रामलीला पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था जरूरी

भरथना,इटावा। भरथना में आगामी नवरात्र-दशहरा सहित अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार को भरथना कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी काव्या सी.ने की। इसमें नगर के संभ्रांत नागरिकों, रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों और आयोजन समितियों के जिम्मेदार लोगों के साथ त्योहारों की तैयारियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

एसडीएम काव्या सी.ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी निर्धारित स्थानों पर ही दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। सभी देवी पूजा और रामलीला पंडालों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। इसकी जिम्मेदारी आयोजन समितियों की होगी। पंडालों के आसपास बिजली के तारों की स्थिति की जांच कराई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने मिट्टी से बनी प्रतिमाओं के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि कलश यात्रा और विसर्जन के दौरान डीजे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बजाया जाए। समय का विशेष ध्यान रखा जाए तथा स्कूलों और अस्पतालों के आसपास ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था में सावधानी बरती जाए।

मेला स्थलों पर बनेगा पुलिस बूथ,सीसीटीवी से होगी निगरानी

पुलिस क्षेत्राधिकारी आरडी मौर्य ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जहां-जहां मेले आयोजित होंगे, वहां पुलिस बूथ स्थापित किए जाएंगे। आयोजन स्थलों पर अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने के साथ बिजली के लटकते तारों को भी ठीक कराया जाए। देवी प्रतिमा स्थापना और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या अश्लील गाने बजाने की अनुमति नहीं होगी। आयोजन समितियां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। रावण दहन के दौरान पुतले की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए और पटाखों का इस्तेमाल भी तय नियमों के अनुसार किया जाए। रावण दहन स्थल पर भी पुलिस की तैनाती रहेगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

जाम से निपटने की बनेगी योजना

बैठक में नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति में धान की आवक के दौरान मंडी मार्ग और आसपास के रास्तों पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। इस पर एसडीएम और सीओ ने बताया कि मंडी के आसपास सड़क पर जाम लगाने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। जाम से निजात दिलाने के लिए योजना तैयार की जा रही है,जिस पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।

बैठक में प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह,कस्बा चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी, उपनिरीक्षक इदु हसन सहित नगर के संभ्रांत नागरिक,रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और अन्य जिम्मेदार लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button