इटावा फाउंडेशन ने विशिष्ट प्रतिभाओं का किया सम्मान
आठवें सम्मान समारोह में विशिष्ट प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना ही फाउंडेशन का प्रमुख उद्देश्य

इटावा। इटावा फाउंडेशन द्वारा आयोजित आठवें सम्मान समारोह में जनपद की विभिन्न प्रतिभाओं एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को उनके-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में साहित्य, कृषि,खेल,पर्यावरण, प्रशासन,विधि एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मान प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सरकार के पूर्व सचिव एवं इटावा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विश्वपति त्रिवेदी ने की। समारोह में कानपुर के सांसद श्री रमेश अवस्थी मुख्य अतिथि तथा इटावा सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उनके कार्यों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर इटावा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विश्वपति त्रिवेदी ने कहा कि इटावा प्रतिभाओं की धरती है। जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनेक प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं, जिन्हें उचित मंच,पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का निरंतर प्रयास रहा है कि समाज में सकारात्मक योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाए, ताकि उनके कार्यों से अन्य लोग भी प्रेरणा लें और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल किसी व्यक्ति की उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं,बल्कि समाज में उत्कृष्टता, परिश्रम,समर्पण और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजन जनपद की गौरवशाली पहचान को सशक्त बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रीमती सुनीता दीक्षित को भक्ति साहित्य,श्रीमती मंत्रवती को प्रगतिशील किसान, हॉकी खिलाड़ी इशिता चौधरी,अर्चना सिंह रोलर स्केटिंग प्रशिक्षक,सौहार्द दीक्षित रेडियो जॉकी, राजीव चौहान पर्यावरण संरक्षण,आईपीएस युक्ति पांडे,कमलेश पांडे जिला विद्यालय निरीक्षक, औरैया तथा वरिष्ठ अधिवक्ता शांति स्वरूप पाठक को उनके संबंधित क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री कुश चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुखदा मिश्रा,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष फुरकान अहमद,संजीव अग्रवाल,देवेंद्र त्रिपाठी सुधीर मिश्रा एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



