हिंदू जागरण समिति की संगठनात्मक बैठक संपन्न, जमीनी स्तर पर मजबूती पर जोर

मऊ जिले के भीटी हनुमान नगर स्थित कैंप कार्यालय पर हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना, हिंदुत्व से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करना तथा वर्तमान सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चुनौतियों पर गंभीर चर्चा करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि आज हिंदुत्व के सामने जो चुनौतियां हैं, वे हमारी सोच से भी अधिक गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि जाति-पात, छुआछूत और अन्य सामाजिक कुरीतियां हिंदू समाज को कमजोर कर रही हैं और उसे पीछे की ओर ले जा रही हैं। इन कुरीतियों को समाप्त कर एक सशक्त, संगठित और जागरूक हिंदू समाज की स्थापना करना ही हिंदू जागरण समिति का मुख्य लक्ष्य है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जिस दिन हिंदू समाज पूरी तरह एकजुट हो जाएगा, उस दिन कोई भी ताकत उसके उत्पीड़न की हिम्मत नहीं कर पाएगी। राष्ट्रीय संगठन मंत्री एडवोकेट रामकृष्ण भारद्वाज ने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन तभी प्रभावी बन सकता है, जब प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका और जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय हो। उन्होंने गांव स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान चलाने, जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करने और सामाजिक सेवा गतिविधियों को तेज करने का आह्वान किया।

संगठन के प्रवक्ता नरेंद्र सिंह और वीरेंद्र पासवान ने कहा कि हिंदुत्व के सांस्कृतिक मूल्यों, सेवा, संस्कार, एकता और राष्ट्रहित के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना समय की जरूरत है। उन्होंने संगठन को केवल ऊपर से नहीं, बल्कि नीचे से यानी गांव और मोहल्ला स्तर पर मजबूत करने पर बल दिया। साथ ही वर्तमान समय में समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर गंभीर मंथन करते हुए उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।

बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि संगठन का विस्तार केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि कार्यकर्ताओं में अनुशासन, सेवा भाव और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित होना चाहिए। मजबूत संगठन वही होता है, जो समाज के हर वर्ग के साथ जुड़कर सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्थानीय समस्याओं को नजदीक से समझा जा सके। इसके साथ ही समाज हित में विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर हिंदू जागरण समिति के जिलाध्यक्ष मनीष सिंह, यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष आर्यन सिंह, प्रांतीय मंत्री रवि गुप्ता, आकाश सिंह, अभिषेक, नगर अध्यक्ष रोशन सोनी, जिला महामंत्री रवि शंकर गुप्ता, सतीश मद्धेशिया, रामकरण चौहान, शंभू पासवान, मनीष चौहान, लालता चौहान, अनंत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को और मजबूत बनाने के संकल्प के साथ किया गया।

Related Articles

Back to top button