गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस ने लिया सत्याग्रह के रास्ते पर चलने का संकल्प

जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा बोले- लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष

गाजियाबाद। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने की। कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, लोकतंत्र तथा जनसेवा के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।

जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से अन्याय का विरोध करना सिखाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी के सत्याग्रह के रास्ते पर चलते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित की रक्षा के लिए है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम शक्ति जनता के पास होती है। कांग्रेस जनता के बीच जाकर जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाएगी।

शास्त्री की सादगी को बताया प्रेरणास्रोत

कार्यक्रम में वक्ताओं ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को सार्वजनिक जीवन के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी। सार्वजनिक जीवन में पद और सत्ता का उद्देश्य आम नागरिक, किसान, मजदूर, व्यापारी और युवाओं के हितों की रक्षा करना होना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। विपक्ष की आवाज, संविधान, नागरिक अधिकार, स्वतंत्र संस्थाएं और जनता के सवाल भी लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं।

Related Articles

Back to top button