NPL Foreign Players 2026: वॉर्नर, रसेल और किलर मिलर सहित ये 8 विदेशी दिग्गज मचाएंगे धमाल, जानें किस टीम में कौन

NPL Foreign Players 2026: नेपाली क्रिकेट के सबसे बड़े टी-20 टूर्नामेंट नेपाल प्रीमियर लीग (NPL) यानी ‘फेस्टिवल ऑफ हिमालयाज’ का कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शानदार आगाज हो गया है।
आईसीसी से मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट में इस बार डीआरएस (DRS) तकनीक के साथ-साथ दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटरों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। इस रोमांचक लीग में हर फ्रेंचाइजी ने एक से बढ़कर एक इंटरनेशनल मैच विनर्स को अपनी टीम में शामिल किया है, जो न सिर्फ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे, बल्कि नेपाली युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सीख भी साबित होंगे।
हिटर आंद्रे रसेल पर रहेगी नजर
टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा नजरें विराटनगर किंग्स की ओर से खेल रहे वेस्टइंडीज के धाकड़ पावर हिटर आंद्रे रसेल पर होंगी। अपनी तेज गेंदबाजी और छक्कों की बरसात के लिए मशहूर रसेल 2012 और 2016 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली कैरेबियाई टीम का हिस्सा रहे हैं और कप्तान संदीप लामिछाने के लिए सबसे बड़ा ट्रंप कार्ड साबित होंगे। वहीं, काठमांडू गोर्खाज ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ओपनर डेविड वॉर्नर को अपनी जर्सी पहनाई है।
साल 2015, 2023 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी-20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले वॉर्नर की बेखौफ बैटिंग नेपाली फैंस के लिए एक बड़ा तोहफा है। दूसरी तरफ कर्णाली याक्स के मध्यक्रम की जिम्मेदारी दक्षिण अफ्रीका के ‘किलर मिलर’ यानी डेविड मिलर संभाल रहे हैं, जो डेथ ओवरों में अपनी खतरनाक फिनिशिंग के लिए पूरी दुनिया में विख्यात हैं।
वेस्टइंडीज के ही एक और विस्फोटक बाएं हाथ के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड सुदूरपश्चिम रॉयल्स की तरफ से खेलते नजर आएंगे, जिनके पास चंद गेंदों में मैच का रुख पलटने की गजब की क्षमता है। इंग्लैंड को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली इस बार जनकपुर बोल्ट्स का हिस्सा हैं, जिनकी स्पिन गेंदबाजी और रणनीतिक बल्लेबाजी नेपाली युवाओं के लिए किसी मास्टरक्लास से कम नहीं होगी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 14 हजार से ज्यादा रन और 700 से अधिक विकेट लेने वाले बांग्लादेश के महान ऑलराउंडर शाकिब अल हसन पोखरा एवेंजर्स को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। टी-20 फॉर्मेट में अपनी रहस्यमयी लेग स्पिन से बल्लेबाजों को चकमा देने वाले पाकिस्तान के उसामा मीर चितवन राइनोज की तरफ से मैदान में उतरेंगे। उसामा पीएसएल 2024 में सबसे ज्यादा 24 विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
AUS vs SA 3rd Test: करो या मरो के मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया में बड़ा फेरबदल, दो खिलाड़ी अचानक टीम से बाहर
इनके अलावा लुंबिनी लायंस ने श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को अपनी टीम में बरकरार रखा है, जो अपने अनोखे स्वीप और स्कूप शॉट्स के लिए जाने जाते हैं। पिछले सीजन में डिकवेला ने अपनी जादुई कप्तानी और बैटिंग से लगातार हार रही लुंबिनी को चैंपियन बना दिया था। इन 8 वर्ल्ड क्लास खिलाड़ियों की मौजूदगी ने एनपीएल को ग्लोबल स्तर पर एक नई पहचान दी है। इससे नेपाल के युवा क्रिकेटरों को इन दिग्गजों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने, उनके अनुभव, रणनीतियों और दबाव से निपटने की कला को बेहद करीब से सीखने का सुनहरा मौका मिलेगा।


