गाड़ी मालिकों की बल्ले-बल्ले! अब 3 साल के लिए फुर्सत; सरकार ने बदल दिए PUC के नियम

New PUC rules 2026 India: देशभर के वाहन स्वामियों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) को लेकर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने राहत भरा बड़ा नीतिगत फैसला लिया है। मंत्रालय ने सेंट्रल मोटर व्हीकल्स रूल्स, 1989 में संशोधन करते हुए केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जो राजपत्र में प्रकाशित होते ही पूरे देश में प्रभावी हो चुकी है।
नए नियमों के अंतर्गत अब सभी गाड़ियों के लिए एक समान समयसीमा लागू नहीं होगी, बल्कि प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता वाहन के उत्सर्जन मानक (Emission Norms), गाड़ी की उम्र और उसके निजी या कमर्शियल उपयोग के आधार पर तय की जाएगी। आधुनिक तकनीक से लैस BS6 वाहनों को इस संशोधन का सबसे बड़ा फायदा दिया गया है, जिससे मालिकों को बार-बार प्रदूषण जांच केंद्रों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।
नए नियमों के अनुसार निजी इस्तेमाल में आने वाले छह साल तक पुराने BS6 नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों (जैसे कार, बाइक व स्कूटर) का PUC सर्टिफिकेट अब सीधे तीन साल के लिए मान्य होगा। वहीं, छह साल से अधिक लेकिन दस साल तक पुराने BS6 निजी वाहनों के लिए यह अवधि एक वर्ष की रहेगी, जबकि दस साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में जांच कराकर रिन्यूअल कराना अनिवार्य होगा।
कमर्शियल या ट्रांसपोर्ट श्रेणी की गाड़ियों के लिए अलग पैमाना तय किया गया है, जिसके तहत छह साल तक पुराने BS6 व्यावसायिक वाहनों को दो साल की वैधता मिलेगी, छह से दस साल पुराने वाहनों को एक साल और दस साल से ज्यादा पुराने वाहनों को प्रत्येक छह माह पर नया सर्टिफिकेट लेना होगा।
पुराने उत्सर्जन मानकों वाली गाड़ियों पर पर्यावरण सुरक्षा के मद्देनजर सख्ती जारी रहेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि BS1, BS2 और BS3 मानकों वाले सभी वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता केवल तीन महीने ही मान्य होगी, जबकि BS4 श्रेणी के वाहनों के लिए यह अवधि छह महीने रखी गई है। इसके अतिरिक्त, जो प्रदूषण प्रमाणपत्र नए नियम आने से पहले जारी हो चुके हैं, वे अपनी तय तारीख तक मान्य रहेंगे और नए नियम अगले रिन्यूअल के समय से लागू होंगे।
खाते में बैलेंस न होने पर भी आप 10,000 रुपये निकाल सकते हैं; जानें ये कौन सी है योजना
मंत्रालय ने प्रक्रिया को सुगम बनाते हुए यह भी प्रावधान किया है कि यदि कोई वाहन मालिक अपने मौजूदा PUC की वैधता खत्म होने के 10 दिन पहले रिन्यूअल के लिए आवेदन करता है, तो नए सर्टिफिकेट की अवधि पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति की तारीख से ही जोड़ी जाएगी, जबकि एक्सपायर होने के बाद कराने पर यह रिन्यूअल की तारीख से लागू होगी।



