मनरेगा से हटा ‘गांधी’ का नाम, अब जुड़ेगा ‘राम जी’; जानें और क्या बदलेगा

VB-G RAM G: मोदी सरकार की तरफ से मनरेगा योजना का नाम बदलने की तैयारी की जा रही है। इसे आम जनता के बीच “जी राम जी योजना” के नाम से लोकप्रिय किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसे लेकर लोकसभा में विधेयक लाने की योजना है और इसके तहत 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी दी जाएगी। इस योजना का नया नाम होगा – “विकसित भारत- रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)”. इसे “VB-G RAM G” योजना के नाम से भी जाना जा सकता है। विधेयक के मसौदे के अनुसार, इसे “विकसित भारत 2047” के दृष्टिकोण से जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की व्यवस्था की जाएगी ताकि पलायन रोका जा सके और गांवों की स्थिति आत्मनिर्भर हो सके।
विधेयक के अनुसार सरकारी कामकाज इसी योजना के तहत किए जाएंगे। इसके माध्यम से जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे का निर्माण और आजीविका से जुड़ी योजनाओं पर कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने की कोशिश होगी कि कृषि के मौसम के दौरान गांवों में श्रमिकों की उपलब्धता बनी रहे। इन परियोजनाओं को पीएम-गति शक्ति से जोड़ा जा सकता है।
एक डॉलर यानि 90 रुपए; मोदी सरकार में रुपया 55% क्यों गिरा, जानिए असली वजह
योजना के कार्यों की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसमें जीपीएस और मोबाइल-आधारित निगरानी प्रणाली होगी। इसके अतिरिक्त, कामों की योजना, ऑडिट और धोखाधड़ी की जोखिम प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया जाएगा।
संसद में बवाल होना तय
वहीं, सरकार के इस प्रस्ताव का विरोध भी बढ़ने लगा है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सवाल उठाया कि महात्मा गांधी का नाम क्यों हटाया जा रहा है। पहले से यह आशंका जताई जा रही थी कि गांधी जी का नाम योजना से हटाए जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो सकता है। हालांकि, “जी राम जी” नाम जुड़ने से भाजपा को एक नया मुद्दा मिल गया है। ऐसे में अगर मनरेगा नाम बदलने पर संसद में महात्मा गांधी बनाम राम की बहस होती है तो कोई चौंकाने वाली बात नहीं होगी। दरअसल, पिछले दो दशकों में मनरेगा योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।



