पालिका अध्यक्ष और सभासद आमने-सामने

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर की नगर पालिका परिषद में विगत 18 जुलाई को हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार और सभासद राजीव यादव ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने आरोप लगाया कि 18 जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे वह कार्यालय में जनहित से जुड़े कार्यों का निस्तारण कर रहे थे। इसी दौरान सभासद राजीव यादव और मोहम्मद इरफान कार्यालय में पहुंचे तथा सरकारी अभिलेख फाड़कर फेंक दिए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, और हाथापाई कर डाली,साथ ही मोबाइल छीनकर फेंक दिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट करदी,जिससे उनके हाथ में चोट आई।

वहीं सभासद राजीव यादव ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उन्होंने तहसील समाधान दिवस में नगर पालिका परिषद में कथित भ्रष्टाचार की शिकायत जिलाधिकारी इटावा से की थी।

जिलाधिकारी द्वारा जांच के लिए अधिशाषी अधिकारी श्याम वचन सरोज को निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि जांच के संबंध में पालिका पहुंचने पर अध्यक्ष अपने दो-तीन समर्थकों के साथ आए और उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। उनका कहना है कि अन्य सभासदों के हस्तक्षेप से उन्हें बचाया जा सका।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पालिका अध्यक्ष की तहरीर पर एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में तथा दूसरे पक्ष की तहरीर पर मारपीट और गाली-गलौज समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button